Skip to main content

अंधविश्वास और तर्कशीलता पर हुआ गवेषणा संवाद, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट महिलाओं का सम्मान

निजामपुर का वो पहला नाम, जिसने कक्षा 10वीं की दहलीज़ पार की!!!!

बाराबंकी जिले के एक छोटे से गांव निजामपुर में आज उम्मीद की एक नई किरण फूटी है। यह वह गांव है, जहां कोई भी 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाया था। लेकिन पहली बार, इस गांव के एक लड़के ने 10वीं की परीक्षा पास कर इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि हासिल की है 15 साल के रामसेवक ने, जिसने 55% अंक प्राप्त कर परीक्षा उत्तीर्ण की। उसने गरीबी, उपेक्षा और कठिन परिस्थितियों को चुनौती देते हुए न केवल अपने सपनों को जिंदा रखा, बल्कि पूरे गांव के भविष्य को भी एक नई दिशा देने का कार्य किया है।

गांव की तस्वीर और हालात

निजामपुर, बाराबंकी जिला मुख्यालय से लगभग 28 किलोमीटर दूर स्थित है। यह अहमदपुर ग्राम पंचायत का एक मजरा है, जहां कुल मिलाकर करीब 30 घर हैं और सभी दलित वर्ग से ताल्लुक रखते हैं। गांव की कुल आबादी 250 से 300 के बीच है और यहां के अधिकतर लोग मजदूरी करते हैं – कुछ स्थानीय स्तर पर, तो कुछ बाहर जाकर।

गांव में एक प्राथमिक स्कूल है और उसी के सामने एक छोटा-सा मंदिर। लेकिन शिक्षा का स्तर इतना पिछड़ा हुआ था कि गांव में आज तक कोई भी 10वीं पास नहीं कर पाया था। पहली बार इस रेखा को पार किया है रामसेवक ने, जिसे गांव के लोग रामसेवक नहीं, उम्मीद की रौशनी कहने लगे हैं।

गरीबी के अंधेरे में पढ़ाई की लौ

रामसेवक तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। उसके पिता जगदीश प्रसाद मजदूर हैं और मां पुष्पा गांव के स्कूल में खाना बनाती हैं। घर की माली हालत ऐसी है कि दो कमरों के घर में एक में भूसा रखा जाता है और दूसरे में पूरा परिवार रहता है। बिजली नहीं है, और छप्पर के नीचे सब सोते हैं। एकमात्र रोशनी की व्यवस्था है विधायक कोटे से मिली सोलर लाइट।

शादी-विवाह के सीजन में रामसेवक सिर पर रोड लाइट उठाता, जिससे उसे 200-300 रुपए मिलते है। बाकी समय वह मजदूरी करता। इन्हीं पैसों से कॉपी-किताब और फीस भरता। 10वीं की फीस 2100 रुपए जमा की थी। देर रात जब काम से लौटता, तो छप्पर के नीचे बैठकर पढ़ाई करता।

हौसले को पहचान डीएम से मुलाकात

10वीं पास करने के बाद रामसेवक को जब बाराबंकी के डीएम शशांक त्रिपाठी ने बुलाया, तो उसके पास पहनने को ठीक कपड़े और जूते तक नहीं थे। स्कूल के शिक्षकों ने उसके लिए कपड़े और जूते खरीदे। यह रामसेवक के जीवन का पहला मौका था जब उसने जूता पहना। जूता पहनते वक्त उसकी उंगलियां फिट नहीं हो रही थीं, लेकिन वह किसी तरह पहनकर डीएम से मिलने पहुंचा। डीएम ने न सिर्फ उसे सम्मानित किया बल्कि आगे की पढ़ाई की फीस माफ करने की घोषणा भी की। रामसेवक भावुक होकर बताता है, जूता पहनना तो चाहते थे, अच्छा भी लगता है, लेकिन गरीबी ऐसी थी कि कभी जूता खरीद ही नहीं पाए। 

मां-बाप का सपना, अब उम्मीद की राह

रामसेवक की मां पुष्पा कहती हैं, “हमें कभी भरोसा नहीं था कि हमारा बेटा 10वीं पास कर पाएगा। गांव में पढ़ाई का माहौल नहीं है, न साधन। लेकिन उसने कर दिखाया।” पिता जगदीश प्रसाद बताते हैं, “बेटे को मजदूरी में भी साथ ले जाते थे, फिर भी वह लौटकर पढ़ाई करता था।”

रामसेवक का छोटा भाई 9वीं में और एक और भाई 5वीं में पढ़ रहा है। सबसे छोटी बहन पहली कक्षा में है। अब परिवार का सपना है कि सभी बच्चे आगे पढ़ें।

इंजीनियर बनने का सपना

रामसेवक अब इंजीनियर बनना चाहता है। हालांकि जब वह यह बात कहता है, तो उसकी आवाज कांपती है, जैसे खुद को यकीन नहीं हो रहा हो। लेकिन उसका संघर्ष और मेहनत इस सपने को साकार करने की दिशा में पहला ठोस कदम है।

गांव की महिलाएं कहती हैं, “अब हम भी हमारे बच्चों को पढ़ाएंगे। रामसेवक ने हमें उम्मीद दी है कि हम भी कुछ कर सकते हैं।”

एक कहानी, एक क्रांति

रामसेवक की यह कहानी सिर्फ एक लड़के के 10वीं पास करने की नहीं है। यह उस सामाजिक बदलाव की शुरुआत है, जो शिक्षा की रौशनी से संभव होती है। जब संसाधन नहीं होते, तब हौसला और मेहनत ही सबसे बड़ा अस्त्र बन जाते हैं। निजामपुर अब शिक्षा से अपनी पहचान बनाने की राह पर है। और इस राह का पहला पत्थर रामसेवक ने रखा है – सिर पर लाइट उठाने वाला लड़का, जो अब खुद गांव के लिए रौशनी बन गया है।

The News Grit, 06/05/2025

Comments

Popular posts from this blog

प्रोजेक्ट आरोहण: NHAI की नई योजना, लेकिन किसके लिए?

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ( NHAI) ने एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल करते हुए टोल प्लाज़ा कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा और करियर निर्माण के लिए ‘प्रोजेक्ट आरोहण’ की शुरुआत की है। इस योजना का शुभारंभ एनएचएआई के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार यादव ने नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में किया। इस अवसर पर वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट के कार्यकारी निदेशक एवं संयुक्त सीईओ डॉ. जफर खान और एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। शिक्षा तक समान पहुँच देने का प्रयास एनएचएआई ने वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट के साथ मिलकर यह योजना शुरू की है , जिसका मकसद टोल प्लाज़ा कर्मचारियों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इस पहल का उद्देश्य वित्तीय बाधाओं को दूर करना , सामाजिक-आर्थिक भेदों को कम करना और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के छात्रों , जिनमें निम्न-आय वाले परिवारों की लड़कियाँ , पहली पीढ़ी के शिक्षार्थी तथा अनुसूचित जाति , अनुसूचित जनजाति , अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र शामिल हैं , के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक समान पहुँच प्रदान करना है। एनएचएआई का मानना है कि शिक्षा ही वह साध...

अमेरिका ने भारतीय आयात पर 50% टैरिफ लगाया, लाखों नौकरियों पर संकट!!

अमेरिका ने बुधवार से भारत से आने वाले अधिकांश आयातित उत्पादों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लागू कर दिया है। यह कदम अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा ( CBP) द्वारा जारी नोटिस के बाद प्रभावी हुआ , जिसमें कहा गया था कि यह आदेश राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 6 अगस्त 2025 के कार्यकारी आदेश 14329 के तहत लागू किया जा रहा है। इस आदेश का शीर्षक था – “रूसी संघ की सरकार द्वारा संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए खतरों को संबोधित करना।” किन उत्पादों पर लागू और किन्हें छूट सीबीपी के अनुसार , यह शुल्क उन सभी भारतीय वस्तुओं पर लागू होगा जो अमेरिका में उपभोग के लिए आयातित की जाती हैं। हालांकि , लोहा , इस्पात , एल्युमीनियम , वाहन , तांबा और इनके कुछ व्युत्पन्न उत्पादों को इस अतिरिक्त ड्यूटी से बाहर रखा गया है। वहीं , अमेरिकी बाजार में भारत के करीब 30.2% निर्यात (लगभग 27.6 अरब डॉलर) को शुल्क मुक्त प्रवेश मिलता रहेगा। इसमें फार्मा ( 12.7 अरब डॉलर) , इलेक्ट्रॉनिक्स ( 8.18 अरब डॉलर) , रिफाइंड लाइट ऑयल और एविएशन टरबाइन फ्यूल ( 3.29 अरब डॉलर) , पुस्तकें और ब्रोशर ( 165.9 मिलियन डॉलर) तथा प्लास्टिक ( 155.1 मिलियन...

भोपाल बनेगा देश का स्पोर्ट्स साइंस और हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग हब!!

खेल के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ हासिल करने और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण देने की दिशा में मध्यप्रदेश एक बड़ा कदम उठा रहा है। खेल विभाग द्वारा नाथु बरखेड़ा स्थित स्पोर्ट्स सिटी में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक स्पोर्ट्स साइंस एवं हाई-परफॉर्मेंस सेंटर स्थापित किया जा रहा है। यह सेंटर उन सभी आधुनिक वैज्ञानिक और तकनीकी सुविधाओं से लैस होगा , जिनकी आज के समय में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को निखारने और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में जरूरत होती है। इसमें खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता , मानसिक दृढ़ता , चोटों से बचाव , और कुल प्रदर्शन सुधार पर व्यापक रूप से काम किया जाएगा। क्यों जरूरी है स्पोर्ट्स साइंस सेंटर ? आज का खेल जगत बेहद तेज और चुनौतीपूर्ण हो गया है। सिर्फ प्रतिभा या अच्छी कोचिंग अब पर्याप्त नहीं है। विशेषज्ञ बताते हैं कि कई खिलाड़ी , चाहे वे कितने ही प्रतिभाशाली हों , मनोवैज्ञानिक दबाव , तकनीकी कमी या चोटों की वजह से अपने लक्ष्य तक नहीं पहुँच पाते। अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में सफलता के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तकन...