प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन और तस्करी पर रोक लगाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पिछले एक सप्ताह के दौरान छतरपुर, टीकमगढ़ और दमोह जिलों में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 7890 किलोग्राम से अधिक अफीम की फसल जब्त की है। जब्त की गई इस फसल की अनुमानित बाजार कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छतरपुर
में खेत से 1140 किलोग्राम अफीम बरामद
छतरपुर जिले
के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम उर्दमऊ में पुलिस को खेत में अवैध रूप से अफीम
की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर
पहुंचकर खेत का निरीक्षण किया, जहां लगभग आधा
एकड़ क्षेत्र में डोडा युक्त अफीम के पौधे पाए गए। पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई
करते हुए खेत में लगे सभी पौधों को जड़ सहित उखाड़कर जब्त कर लिया। जब्त की गई फसल
का कुल वजन करीब 1140 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित
कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी गई है।
टीकमगढ़ में
गेहूं की फसल के बीच छिपाई गई अफीम
टीकमगढ़ जिले
के दिगोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुरा में पुलिस को सूचना मिली कि खेत में
अन्य फसलों के बीच अवैध रूप से अफीम उगाई जा रही है। सूचना की पुष्टि होने के बाद
पुलिस टीम ने खेत में दबिश दी और निरीक्षण के दौरान गेहूं की फसल के बीच अफीम के
पौधे पाए गए। पुलिस ने मौके पर ही अफीम के पौधों को जड़,
तना और पत्तियों सहित उखाड़कर जब्त कर लिया। कार्रवाई में कुल 419.1
किलोग्राम अफीम की फसल बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 45
लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
दमोह
में ढाई एकड़ खेत से 6300 किलो से अधिक फसल जब्त
सबसे बड़ी
कार्रवाई दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र की इमलिया चौकी अंतर्गत ग्राम सुहेला
में की गई। पुलिस को यहां बड़े पैमाने पर अवैध अफीम की खेती होने की सूचना मिली
थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत का निरीक्षण किया,
जहां लगभग ढाई एकड़ क्षेत्र में अफीम की फसल उगाई गई थी। आरोपियों
ने इसे अन्य फसलों के बीच छिपाकर लगाया था ताकि इसकी पहचान न हो सके। पुलिस ने
पर्याप्त बल और श्रमिकों की मदद से पूरी फसल को उखाड़कर जब्त किया। जब्त फसल का
कुल वजन लगभग 6331.5 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित
बाजार कीमत 1 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
अवैध
मादक पदार्थों पर जीरो टॉलरेंस
मध्यप्रदेश
पुलिस का कहना है कि प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन,
संग्रहण, परिवहन और तस्करी जैसी गतिविधियों के
खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध कारोबार में
शामिल व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कानून के
तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Comments
Post a Comment